0

शादी समारोह में पाकिस्तान गए शत्रुघ्न सिन्हा,तो हुआ हंगामा…

Share

 

लाहौर, पीटीआइ। बॉलीवुड के दिग्गज और अभिनेता और लोकसभा के पूर्व सदस्य शत्रुघ्न सिन्हा को हाल ही में पाकिस्तान के लाहौर में एक शादी में स्पॉट किया गया। शादी की तस्वीरों और वीडियो के साथ सिन्हा के पाकिस्तान में होने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसमें सिन्हा को कार्यक्रम स्थल पर देखा जा सकता है। इंस्टाग्राम पर सिन्हा की पाकिस्तान में शादी समारोह शिरकत करने की तस्वीरे और वीडियो पोस्ट की गई हैं। बता दें कि उन्हें पाकिस्तानी व्यापारी मियां असद अहसन ने आमंत्रित किया था।

Indiatoday.in के अनुसार, शादी कार्यक्रम में पाकिस्तान पहुंचे सिन्हा एक कव्वाली की रात में शिरकत करते हैं। सिन्हा एक वीडियो में पाकिस्तानी अभिनेत्री रीमा खान के साथ दिख रहे हैं, उन्होंने इस दौरान काले रंग का सूट पहना हुआ था। हालांकि, अब सोशल मीडिया पर शत्रुघ्न सिन्हा को ट्रोल किए जाने लगा है।

एक यूजर ने लिखा, ‘भारतीय सैनिक देश की सुरक्षा के लिए सीमाओं पर जान दे रहे हैं और हमारे बी-टाउन सेलेब्स पाकिस्तान के साथ अपनी दोस्ती साबित कर रहे हैं।’ एक अन्य उपयोगकर्ता द्वारा पूछा गया, ‘शत्रुघ्न सिन्हा लाहौर में क्या कर रहे हैं? हम उनसे पूछेंगे लेकिन वह सिर्फ ‘खामोश!’ कहेंगे।’

बता दें कि भारत के पाकिस्तान से रिश्ते काफी समय से खराब चल रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में सलमान खान ने एक शो में सिर्फ इसलिए परफॉर्म करने से इनकार कर दिया था, क्योंकि उसका आयोजक पाकिस्तान से था। वहीं, याद हो पिछले साल सिंगर मीका सिंह पाकिस्तान में हुई एक शादी में परफॉर्म करने करने पहुंचे थे, जिसके बाद वो विवादों में आ गए थे। बाद में उन्हें इसके लिए माफी भी मांगी पड़ी।

शत्रुघ्न सिन्हा 2019 में हुए लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के कद्दावर नेता रहे। बाद में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था।